सरकारी हैंडपंप में बांध कर फहराया झंडा, निलंबित
संतकबीरनगर। सांथा विकास खंड के खजुरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात हेड मास्टर ने सोमवार को गांधी जयंती के अवसर पर सरकारी हैंडपंप में पाइप बांध कर झंडा फहरा दिया। किसी ने इसकी शिकायत डीएम से कर दी। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने जांच कराई। जांच में मामला सही पाया गया। बीएसए ने राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के आरोप में हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को गांधी जयंती पर विद्यालयों में झंडारोहण के साथ ही अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। सांथा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय खजुरी में हेडमास्टर ने हैंडपंप में पाइप बांधकर झंडा फहराया था। उसका फोटो फेसबुक पर डाल दिया था। इस मामले की शिकायत किसी ने डीएम से कर दी और झंडारोहण का फोटो ग्राफ्स भेज दिया। डीएम ने तत्काल मामले की जांच का निर्देश दिया था। सांथा की बीईओ गीताजंलि को जांच के लिए भेजा गया था। उन्होंने फोटो ग्राफ्स के साथ ही गांव के लोगों व विद्यालय के अन्य शिक्षको के बयान दर्ज किए। शिकायत सही पाई गई है। बीईओ ने अपनी रिपोर्ट देर शाम भेजी है। उसके आधार पर हेडमास्टर को राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का दोषी पाया गया है। यह प्रकरण काफी गंभीर है। प्राथमिक विद्यालय खजुरी के हेडमास्टर इफ्तखार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।















