धनतेरस-दीपावली पर सुरक्षा को लेकर एसपी उत्तरी ने संभाली कमान
चौरीचौरा के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में किया पैदल गश्त, पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश
गोरखपुर। धनतेरस और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत ने चौरीचौरा थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने और लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान एसपी उत्तरी ने बाजारों में पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि धनतेरस और दीपावली पर बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में मुस्तैदी से ड्यूटी करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बाजारों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के साथ ही आम नागरिकों और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, अनावश्यक जाम से बचने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को भी कहा।
एसपी उत्तरी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में बाधा डालने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक चौरीचौरा सहित थाने के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















