धनतेरस पर सड़कों पर उतरे डीआईजी-एसएसपी, बाजारों में परखी सुरक्षा व्यवस्था
शास्त्री चौक से गणेश चौक तक निकाला पैदल मार्च, पटाखा बाजारों में अग्निशमन इंतजामों का लिया जायजा
भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाने और आपात स्थिति से निपटने के दिए निर्देश
गोरखपुर। धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ और दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शुक्रवार को डीआईजी रेंज एस. चनप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ खुद सड़कों पर उतरे। दोनों अधिकारियों ने शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान शास्त्री चौक से कचहरी चौक, एडी चौक, जुबली रोड, गांधी गली होते हुए गणेश चौक तक पैदल रूट मार्च किया गया।
रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने बाजारों में उमड़ रही भीड़, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान बाजारों में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पटाखा बाजारों में परखे अग्निशमन के इंतजाम
अधिकारियों ने टाउनहाल और जुबिली इंटर कॉलेज सहित अन्य स्थानों पर अस्थायी रूप से लगाई गई पटाखों की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, बालू-पानी और आग से बचाव के अन्य इंतजामों को परखा। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहें। दुकानों के आसपास सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि आग लगने या किसी अन्य आकस्मिक घटना की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
घुड़सवार दस्ते के साथ पुलिस ने संभाला मोर्चा
रूट मार्च के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ कैंट अरुण कुमार ने घुड़सवार दस्ते का नेतृत्व करते हुए विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, इंस्पेक्टर कैंट, इंस्पेक्टर कोतवाली समेत विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में निकले रूट मार्च से प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पुलिस की सक्रियता नजर आई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मी लगातार भ्रमणशील रहें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
















