पद्मश्री सायना नेहवाल की बिहार खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात: बैडमिंटन विकास पर गहन मंथन
पटना। विश्व प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी और पद्मश्री सम्मानित सायना नेहवाल ने बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से सचिवालय स्थित खेल विभाग में मुलाकात की। खेल मंत्री के विशेष आमंत्रण पर बिहार पहुंची सायना ने राज्य में बैडमिंटन की अवसंरचना, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और दीर्घकालिक विकास नीतियों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में सायना ने बिहार में बैडमिंटन के समग्र विकास के लिए ठोस रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया। अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सायना ने कहा कि यदि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सही संसाधन, कोचिंग और मार्गदर्शन मिले, तो बिहार से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियन उभर सकते हैं। राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सायना का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वस्तरीय खिलाड़ी का मार्गदर्शन बिहार के बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। इससे राज्य में खेलों के चौमुखी विकास को नई गति और दिशा मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सायना के सुझावों को प्राथमिकता से लागू किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजिंदर और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने सायना के विचारों को सराहा और कार्यान्वयन की रूपरेखा पर चर्चा की।
सायना नेहवाल की यह यात्रा बिहार में बैडमिंटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। खेलप्रेमियों में इस मुलाकात से उत्साह की लहर है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही राज्य में बैडमिंटन की बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।


















