फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नौनिहालों ने बिखेरे रंग, मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सूर्या एकेडमी में प्लेवे से यूकेजी तक के बच्चों ने अलग-अलग परिधानों में दिखाए विविध रूप, धार्मिक और सामाजिक संदेशों से किया प्रभावित
संतकबीर नगर।सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के परिसर में गुरुवार को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्लेवे से लेकर यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रंग-बिरंगे और आकर्षक परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में किसी बच्चे ने भगवान राम, भगवान कृष्ण, राधा और हनुमान का रूप धारण किया तो किसी ने भारत माता की छवि प्रस्तुत की। वहीं कुछ बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और पुलिस अधिकारी की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों ने अपने परिधानों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संदेश भी दिए।
प्लेवे के बच्चों ने प्रकृति और भारतीय एकता को दर्शाने वाले परिधानों में मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि एलकेजी के छात्र-छात्राओं ने देवी-देवताओं के स्वरूप धारण कर भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। नौनिहालों की मासूम अदाओं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि छोटी उम्र से ही बच्चों को ऐसी प्रतियोगिताओं में शामिल करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। परिधान व्यक्ति के भीतर छिपी कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति व्यवहारिक दृष्टिकोण को भी प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने बच्चों को मंच उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा निखारने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयासों की सराहना की। कहा कि ऐसे आयोजन भविष्य में बड़े मंचों पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए बच्चों को तैयार करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जिस उत्साह से अपने बच्चों को तैयार कर प्रतियोगिता में शामिल कराया, उसके लिए विद्यालय परिवार आभारी है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के भरोसे को मजबूत बनाए रखना विद्यालय की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक नितेश द्विवेदी, बलराम उपाध्याय, घनश्याम त्रिपाठी, आरती चौधरी, सोनाली तिवारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।















