लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों की फजीहत
रेलवे के जोन में चल रहा है रेल ट्रैक मरम्मत का कार्य और इंटरलॉकिंग
छपरा, । यात्रीगण कृपया ध्यान दें, नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 6 घंटे की देरी से चल रही है। असुविधा के लिए खेद है। जी हां राजधानी एक्सप्रेस, कई सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेन भी इन दिनों अपने निर्धारित समय से 10 से 5 घंटे के विलब से छपरा जंक्शन पर पहुंच रही हैं। सोमवार को कुछ ऐसा ही रहा। मालूम हो कि 20504 नई दिल्ली डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस 6 घंटे, 12524 नई दिल्ली न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस छपरा जंक्शन पर 10 घंटे की देरी से पहुंची, 15116 लोकनायक एक्सप्रेस 6 घंटा, पवन एक्सप्रेस 6 घंटा, आनंद विहार से दिल्ली जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस 5 घंटा तथा गोरखपुर से छपरा पहुंचने वाली पैसेंजर ट्रेन 1 घंटे की देरी से छपरा जंक्शन पर पहुंची। मालूम हो कि इन दिनों रेल ट्रैक के मरम्मत व इंटरलॉकिंग का कार्य कई जोन में चल रहा है। यही वजह है कि ट्रेन विलंब से चल रही है। ट्रेनों के विलंब का सीधा असर यात्रियों के जेब पर पर रहा है। कई ट्रेनों के रूट भी बदलकर रेल प्रशासन चला रहा है। मालूम हो कि उड़ीसा में ट्रेनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से रेल प्रशासन संरक्षा के प्रति विशेष रुप से कार्य करने में जुट गया है। यही कारण है कि सभी रेल ट्रकों का मरम्मत तेजी से चल रहा है ताकि दुर्घटना से बचाया जा सके। ट्रेनों के विलंब से छपरा जंक्शन पर घंटों यात्रियों को प्रतीक्षा करना पड़ा।

















