शादी का झांसा देकर फर्जी विवाह व वसूली करने वाले गिरोह की वांछित महिला गिरफ्तार
गोरखपुर। चिलुआताल थाना पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय ठगी गिरोह की वांछित महिला सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरोह शादी का झांसा देकर लोगों को गोरखपुर बुलाता था और फिर फर्जी विवाह कराकर उन्हें बंधक बनाकर अवैध वसूली करता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता नीलम (निवासी वर्तमान पता राजीव नगर कॉलोनी, रुस्तमपुर, थाना रामगढ़ताल, मूल निवासी मेहुली, थाना रसड़ा, जनपद बलिया) इस गिरोह में लंबे समय से सक्रिय थी और उसके खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में तलाश जारी थी।
ऐसे करते थे ठगी का खेल
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों के लोगों को शादी का लालच देकर गोरखपुर बुलाते थे। इसके बाद फर्जी विवाह कराकर उन्हें बंधक बना लिया जाता था और खुद को पुलिस या प्रभावशाली व्यक्ति बताकर डराया-धमकाया जाता था। इसी दबाव में पीड़ितों से मोटी रकम वसूली जाती थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब वांछित महिला की गिरफ्तारी से गिरोह के पूरे नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस तरह के संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन को सतर्क रहने की अपील की गई है।















