सात पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने फूल-माला पहनाकर किया सम्मानित
पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस में हुआ समारोह, नई जिम्मेदारियों के लिए दी शुभकामनाएं
गोरखपुर। जनपद से गैर जनपद स्थानांतरित होकर जा रहे सात पुलिस अधिकारियों और निरीक्षकों को मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में भावभीनी विदाई दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। उनके कार्यकाल के दौरान किए गए योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की।
विदाई समारोह में पुलिस उपाधीक्षक ओंकार दत्त तिवारी, अनुराग सिंह, दीपांशी राठौर तथा निरीक्षक संदीप यादव, कमलेश कुमार, करुणेश प्रताप और विवेक मलिक को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उनके कार्यों की सराहना करते हुए नए कार्यस्थल के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि पुलिस सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है। अलग-अलग जनपदों और परिस्थितियों में काम करने से अधिकारियों को नए अनुभव मिलते हैं और उनकी कार्यक्षमता एवं पेशेवर दक्षता में निखार आता है। उन्होंने कहा कि स्थानांतरित सभी अधिकारी अपने नए कार्यक्षेत्र में भी पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाएंगे।
समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया। सहकर्मियों ने अधिकारियों के साथ बिताए अनुभवों को याद किया। फूल-मालाओं से सम्मानित कर उन्हें विदाई दी गई और बेहतर भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















