लंबित विवेचनाओं पर एसपी प्राची सिंह सख्त, समय से चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश
अकबरपुर कोतवाली के विवेचकों के साथ किया अर्दली रूम, साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई पर दिया जोर
अम्बेडकरनगर। लंबित मुकदमों की विवेचना में तेजी लाने और मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने कोतवाली अकबरपुर के समस्त विवेचकों के साथ अर्दली रूम (ओआर) किया। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों से अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा लिया।
एसपी ने विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की विवेचना में अनावश्यक देरी न करें। उपलब्ध साक्ष्यों और सबूतों का विधिवत संकलन करते हुए प्रत्येक मामले में नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिन मामलों की विवेचना पूरी हो चुकी है, उनमें तत्काल आरोपपत्र (चार्जशीट) न्यायालय में दाखिल किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विवेचना के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विवेचक साक्ष्यों की गंभीरता से जांच करें और प्रत्येक कार्रवाई को नियमानुसार अभिलेखों में दर्ज करें। विवेचना की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो और निर्धारित समयसीमा में मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई साक्ष्य आधारित, निष्पक्ष और प्रभावी होनी चाहिए।















