पुलिस लाइन में गांधी-शास्त्री जयंती पर एकता और सद्भाव का संदेश
एसपी संदीप कुमार मीना ने दिलाई सत्य-अहिंसा की शपथ, जाति-भेदभाव और कुरीतियों को त्यागने का किया आह्वान
संतकबीरनगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। गार्द ने सलामी देकर उन्हें नमन किया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को महात्मा गांधी के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई। उन्होंने जाति-भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों को त्यागने तथा निर्बल वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में एसपी ने गांधी और शास्त्री के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए सामाजिक सद्भाव को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि जाति, रंग और अन्य किसी भी आधार पर भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी भाईचारा कायम करना चाहिए। सभी धर्म और संप्रदाय के लोग देश के नागरिक हैं और पारस्परिक सद्भाव व एकता से ही राष्ट्र की प्रगति संभव है।
उन्होंने महिलाओं की उन्नति, दहेज प्रथा के उन्मूलन और सामाजिक जागरूकता से जुड़े गांधी जी के विचारों का भी उल्लेख किया। पुलिसकर्मियों से इन मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया गया। एसपी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए पेड़ अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। केवल पौधरोपण करना पर्याप्त नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सीओ खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह, सीओ धनघटा अभयनाथ मिश्रा, सीओ पुलिस लाइन अमित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
एसपी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सभी थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों पर भी गांधी और शास्त्री जयंती मनाई गई। संबंधित प्रभारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों और जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के बीच मिठाई का वितरण भी किया गया।















