30 नवंबर तक घर बैठे पूरी करें स्व-गणना, 11 अंकों की एसई आईडी रखें सुरक्षित : डीएम
जनगणना-2027 के लिए डीएम दीपक मीणा की अपील, मोबाइल या लैपटॉप से ऑनलाइन भर सकते हैं फॉर्म
गोरखपुर। जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक मोबाइल फोन या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन फॉर्म भरें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों का आधार बनते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही और पूरी जानकारी दर्ज करना जरूरी है।
डीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर उत्तर प्रदेश का चयन करें। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करना होगा। अपनी सुविधानुसार भाषा चुनकर मकान और परिवार से संबंधित सवालों के जवाब भरने होंगे।
स्व-गणना के दौरान मकान का पता, भवन का उपयोग और स्थिति, दीवार, छत व फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान का स्वामित्व, परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या और कमरों की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानघर, रसोईघर, खाना पकाने के ईंधन और जल निकासी जैसी सुविधाओं का विवरण भी दर्ज करना होगा। परिवार के पास उपलब्ध मोबाइल, इंटरनेट, टीवी, रेडियो, साइकिल, मोटरसाइकिल और कार जैसे संसाधनों से जुड़े सवालों के जवाब भी भरने होंगे।
डीएम ने नागरिकों से सभी कॉलम ध्यानपूर्वक भरने और फॉर्म सबमिट करने से पहले दर्ज जानकारी की दोबारा जांच करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली 11 अंकों की एसई आईडी (SE ID) सुरक्षित रखें। इसे मोबाइल में सेव करने के साथ लिखकर भी रखा जा सकता है। एक दिसंबर से घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
डीएम ने बताया कि जो परिवार ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित है। उन्होंने लोगों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना 30 नवंबर तक स्व-गणना पूरी करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों से शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, बिजली और अन्य जनसुविधाओं की जरूरतों का आकलन किया जाता है। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही जानकारी दर्ज होना आवश्यक है। डीएम ने जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।















