पुलिस लाइन में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि
एसएसपी अंकिता शर्मा ने महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान, नौ पुलिसकर्मियों को सेवा पदक से किया सम्मानित
बदायूं। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों महापुरुषों को नमन किया।
एसएसपी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, करुणा और सेवा के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्श सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इन मूल्यों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।
नौ पुलिसकर्मियों को सेवा पदक
गांधी जयंती के अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नौ पुलिसकर्मियों को पदक से सम्मानित किया गया। निरीक्षक प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक दीनानाथ मौर्य, मलखान सिंह और चंद्रपाल सिंह तथा मुख्य आरक्षी नत्थू सिंह, शिव प्रताप सिंह, राजेश कुमार और सुखवीर सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक से अलंकृत किया गया। मुख्य आरक्षी चालक भुवनेश कुमार को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया।
इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव समेत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















