जमोहरा दोहरे हत्याकांड का आरोपी राकेश यादव मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बौधरा ताल के पास हुई मुठभेड़, 12 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद
संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहे वांछित आरोपी राकेश यादव को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बौधरा ताल के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल भेजा गया। पुलिस ने उसके पास से 12 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी की अगुवाई में टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थीं।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को जमोहरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गांव के बाहर खेत की जुताई कर रहे प्रहलाद यादव, रामकेश यादव, सहसराम यादव और घनश्याम यादव पर लाठी-डंडे, बल्लम, फरसा और असलहों से हमला किया था। इस दौरान प्रहलाद यादव और रामकेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि सहसराम यादव और घनश्याम यादव गंभीर रूप से घायल हुए थे। मामले में मेंहदावल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह सूचना मिली कि हत्याकांड में वांछित राकेश यादव भरवलिया पांडेय से हरपुर होते हुए गोरखपुर की ओर भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस और एसओजी टीम ने बौधरा ताल के पास घेराबंदी की। सामने से आते आरोपी को रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने जमोहरा की घटना में अपने परिवार और अन्य सहयोगियों के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट, जानलेवा हमले समेत छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के मामले में भी उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह, उपनिरीक्षक राकेश कुमार, रविंद्र सिंह यादव, हेड कांस्टेबल अंगद यादव समेत मेंहदावल पुलिस और एसओजी टीम के सदस्य शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, दोहरे हत्याकांड में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।















