डीएम ने राजनीतिक दलों को सौंपी आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां
16 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां, चार जनवरी 2027 को होगा अंतिम सूची का प्रकाशन; पुनरीक्षण अभियान में सहयोग की अपील
गोरखपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने ई-डिस्ट्रिक्ट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रतियां सौंपते हुए सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए पुनरीक्षण कराया जा रहा है। जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर को किया गया है। सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन कराने और किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आलेख्य सूची में जिले के कुल 32 लाख 95 हजार 303 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 17 लाख 93 हजार 315 पुरुष, 15 लाख एक हजार 804 महिलाएं और 184 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 34 हजार 165 की वृद्धि हुई है।
डीएम ने राजनीतिक दलों से बूथवार सूची का परीक्षण कराने और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के साथ अपात्र प्रविष्टियों पर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने को कहा। उन्होंने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय रखने और सूची में नए जुड़े तथा हटाए गए नामों की नियमित जांच कराने पर जोर दिया। नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और पते या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6क निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के लिए चार हजार बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिले के 2,078 मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। इनमें 291 शहरी और 1,787 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों के अंतर्गत कुल चार हजार मतदेय स्थल हैं, जिनमें 1,007 शहरी और 2,993 ग्रामीण मतदेय स्थल हैं।
21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान
मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इस दौरान सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची और आवेदन प्रपत्रों के साथ मौजूद रहेंगे। नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम जांचने के साथ नाम जोड़ने या संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। 17 से 22 नवंबर तक बीएलओ निर्धारित मतदान स्थलों पर मतदाता सूची पढ़कर भी सुनाएंगे।
डीएम ने राजनीतिक दलों से युवाओं और महिलाओं समेत सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। मतदाता अपने नाम की जांच संबंधित बीएलओ, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर भी कर सकते हैं।















