एडीजी ने किया ध्वजारोहण, गांधी-शास्त्री के आदर्शों पर चलने का संदेश
राम कुमार ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, पुलिसकर्मियों से ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने को कहा
गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन राम कुमार ने कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के बाद उन्होंने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर एडीजी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और आत्मबल का संदेश देता है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में आमजन को जोड़ते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
एडीजी ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने आचरण और कार्यशैली में उतारना है। पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा सीधे आमजन से जुड़ी है। नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना, नियमानुसार कार्रवाई करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना ही पुलिस सेवा की मूल भावना है।
कार्यक्रम के दौरान एडीजी ने कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार वितरित किए और शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों-कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को अपने कार्यों में अपनाने का संकल्प लिया।















