पुलिस लाइन में ध्वजारोहण, गांधी-शास्त्री के आदर्शों पर चलने की शपथ
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, पुलिसकर्मियों से ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा का आह्वान
गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को पुलिस लाइन के क्वार्टर गार्ड परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने की शपथ दिलाई। पुलिसकर्मियों ने सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्रसेवा करने का संकल्प लिया। साथ ही आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को जनभागीदारी से जोड़ा। वहीं लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत रहेंगे। दोनों महापुरुषों का जीवन सार्वजनिक दायित्व निभाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि जयंती मनाने का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं होना चाहिए। पुलिस सेवा सीधे आमजन से जुड़ी है, इसलिए पुलिसकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील और जिम्मेदार होना जरूरी है। पीड़ित की समस्या गंभीरता से सुनना, नियमानुसार कार्रवाई करना और जरूरतमंद की सहायता करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने पुलिस लाइन के कर्मचारियों और जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उपहार भी वितरित किए। उन्होंने सभी को गांधी जयंती और शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसपी नार्थ राजेश गुनावत, एएसपी/सीओ कैंट अरुण कुमार, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और जवान मौजूद रहे।















