छेड़खानी विवाद में 9 वर्षीय मासूम की पीट-पीटकर हत्या, दूसरा किशोर गंभीर पुलिस पर पहले की शिकायतों में लापरवाही का आरोप, एसएसपी ने पिपराइच थानाध्यक्ष को किया लाइन हाजिर

छेड़खानी विवाद में 9 वर्षीय मासूम की पीट-पीटकर हत्या, दूसरा किशोर गंभीर

पुलिस पर पहले की शिकायतों में लापरवाही का आरोप, एसएसपी ने पिपराइच थानाध्यक्ष को किया लाइन हाजिर

गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के बेला चौराहे पर छेड़खानी के पुराने विवाद ने रविवार को भयावह रूप ले लिया। लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से किए गए हमले में 9 वर्षीय सरस सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय शिवकुमार गंभीर रूप से घायल है और उसका बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

माधोपुर निवासी राजू सिंह के अनुसार, करीब एक माह पूर्व उनकी बेटी से छेड़खानी के मामले में कुछ लोगों के खिलाफ पिपराइच थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी रंजिश के चलते शनिवार रात करीब नौ बजे उनका पुत्र शिवकुमार और साढ़ू अरविंद सिंह का 9 वर्षीय पुत्र सरस सिंह दुकान की ओर जा रहे थे। आरोप है कि बेला चौराहे के पास केवटान टोला के 8-9 युवकों ने दोनों को घेर लिया और लाठी, डंडे, रॉड तथा ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सीएचसी पिपराइच और बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान सरस सिंह ने दम तोड़ दिया। शिवकुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि यदि छेड़खानी के मामले में पहले ही कार्रवाई होती तो यह घटना टाली जा सकती थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पिपराइच थानाध्यक्ष विवेक त्रिवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह झंगहा थानाध्यक्ष अनुप सिंह को पिपराइच का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि घायल बालक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा पहले से दर्ज मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।

गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। वहीं, मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Previous articleतीन थानाध्यक्षों के तबादले झंगहा, पीपीगंज और पिपराइच थानों को मिले नए प्रभारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here