एसपी की पहल पर पत्रकार की बेटी की तीन साल की फीस माफ
दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार शोभित पांडेय की बेटी समृद्धि कक्षा 10 से 12 तक करेगी निःशुल्क पढ़ाई, ब्लूमिंग बड्स स्कूल प्रबंधन ने दी सहमति
संतकबीरनगर। दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार शोभित पांडेय के परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने उनकी बेटी की शिक्षा को लेकर सराहनीय पहल की है। एसपी के अनुरोध पर ब्लूमिंग बड्स स्कूल प्रबंधन ने कक्षा 10 में पढ़ रही समृद्धि पांडेय की कक्षा 10 से 12 तक की पूरी फीस माफ करने पर सहमति जताई है। इससे समृद्धि की आगे की पढ़ाई बिना किसी आर्थिक बाधा के जारी रह सकेगी।
दिवंगत पत्रकार शोभित पांडेय के निधन के बाद उनके परिवार के सामने बच्चों की शिक्षा और भविष्य को लेकर कई चुनौतियां हैं। ऐसे में पुलिस अधीक्षक ने परिवार की स्थिति को समझते हुए बेटी की पढ़ाई प्रभावित न होने देने के लिए पहल की। समृद्धि वर्तमान में ब्लूमिंग बड्स स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा हैं। उनकी आगे की शिक्षा को लेकर एसपी ने स्कूल प्रबंधन से बातचीत की और तीनों कक्षाओं की पूरी फीस माफ करने का अनुरोध किया।
एसपी के अनुरोध पर स्कूल प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कक्षा 10, 11 और 12 की संपूर्ण फीस माफ करने की सहमति दी। इससे छात्रा को आर्थिक कारणों से पढ़ाई में परेशानी नहीं होगी और वह अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने इस मानवीय सहयोग में सहभागी बनने के लिए ब्लूमिंग बड्स स्कूल प्रबंधन का आभार जताया। एसपी की इस पहल की पत्रकारिता जगत और सामाजिक क्षेत्र में सराहना हो रही है।















