स्कूली वाहनों का होगा शत-प्रतिशत सत्यापन, अनफिट मिलने पर होगी कार्रवाई ब्लैक स्पॉट पर बनेंगी टेबल टॉप रम्बल स्ट्रिप, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगेंगे रेडियम रिफ्लेक्टर

स्कूली वाहनों का होगा शत-प्रतिशत सत्यापन, अनफिट मिलने पर होगी कार्रवाई

ब्लैक स्पॉट पर बनेंगी टेबल टॉप रम्बल स्ट्रिप, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगेंगे रेडियम रिफ्लेक्टर

संतकबीरनगर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और विभागों की ओर से की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। एडीएम ने एनएचएआई मार्ग के किनारे झाड़ियों की सफाई, सड़क की पटरियों और नालियों की मरम्मत तथा अवैध कट बंद कराने पर चर्चा की। उन्होंने एनएचएआई के प्रतिनिधि को सड़क किनारे नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए एनएचएआई मार्ग पर एंबुलेंस और क्रेन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को गलत दिशा में चलने वाले तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर चालान करने और कार्रवाई का आंकड़ा प्रस्तुत करने को कहा गया।

एडीएम ने मालवाहक वाहनों, विशेषकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे रेडियम रिफ्लेक्टर पट्टी लगवाने के निर्देश दिए। प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक लाइट लगाने और यातायात संकेतकों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने जिले के प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप रम्बल स्ट्रिप बनवाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर विशेष सख्ती

बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एडीएम ने परिवहन विभाग को जिले के सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन के परमिट और फिटनेस की नियमित जांच होनी चाहिए। अनफिट पाए जाने वाले वाहनों का चालान कर उनका संचालन तत्काल बंद कराया जाए। किसी भी विद्यालय में एक भी अनफिट वाहन संचालित नहीं होना चाहिए। 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक के अंत में एडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने और प्रचार माध्यमों से आम नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके पांडेय, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अवधेश भारती, यातायात प्रभारी, एनएचएआई के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleआतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य प्रशासन की ओर से चिन्हित स्थानों पर ही लगेंगी अस्थायी दुकानें, लाइसेंस के लिए तीन नवंबर को होगा आवेदन
Next articleकलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बने विश्वेश शुक्ला, नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान डीएम दीपक मीणा से की मुलाकात, कर्मचारी हितों और समस्याओं पर हुई चर्चा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here