सीआरओ के निर्देश पर मुंडेरवा में गरजा बुलडोजर, मुख्य मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण
राजस्व, पुलिस व नगर पंचायत की संयुक्त कार्रवाई, दोबारा कब्जा करने पर एफआईआर और जुर्माने की चेतावनी
बस्ती।
मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) कीर्ति प्रकाश भारती के निर्देश पर बुधवार को नगर पंचायत मुंडेरवा में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। राजस्व, पुलिस और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने मुंडेरवा मुख्य चौराहे से रेलवे स्टेशन-बाजार मार्ग तक सड़क और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर यातायात को सुचारु कराया।
स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि सड़क किनारे टीन शेड, गुमटियां, ठेले और दुकानों के बाहर रखे सामान के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। इससे एंबुलेंस, स्कूली वाहनों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सीआरओ के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत एवं नायब तहसीलदार कुदरहा की अगुवाई में चलाए गए अभियान के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क की पटरियों पर बने अवैध काउंटर, गुमटियां, लोहे के एंगल, नालियों पर किए गए पक्के और कच्चे अतिक्रमण को हटाया गया। दुकानों के बाहर लगे अवैध साइनबोर्ड और होर्डिंग्स भी हटाकर जब्त किए गए।
अभियान के दौरान प्रशासन ने लाउडस्पीकर के माध्यम से चेतावनी दी कि सार्वजनिक मार्ग और सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा।
प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है और आपातकालीन सेवाओं को भी बाधा पहुंचती है। इसलिए शहर को स्वच्छ, सुंदर और जाममुक्त बनाने में सभी नागरिक सहयोग करें।
अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद मुख्य बाजार का मार्ग अतिक्रमण मुक्त हुआ है, जिससे आवागमन सुगम हो गया है।















