विश्व युवा कौशल दिवस पर राजकीय आईटीआई में युवा प्रतिभाओं का सम्मान, नियुक्ति पत्र भी वितरित
रायबरेली। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गोरा बाजार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करते हुए उत्कृष्ट प्रशिक्षार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान सदस्य कामगार आयोग सुशील गुप्ता, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, जिला सेवायोजन अधिकारी तनुजा यादव, महिला आईटीआई की प्रधानाचार्य नेहा सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न तकनीकी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और नवाचार की सराहना की।
इस अवसर पर संस्थान के सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले, उच्च वेतनमान पर रोजगार पाने वाले तथा सफल स्वरोजगार स्थापित करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 14 जुलाई 2026 को आयोजित रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र भी वितरित किए गए।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी कौशल ही युवाओं की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीकों का ज्ञान अर्जित कर आत्मनिर्भर बनने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने युवाओं से किसी न किसी तकनीकी क्षेत्र में दक्षता हासिल कर आत्मनिर्भर बनने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के समापन पर नोडल प्रधानाचार्य विवेक तिवारी ने जिलाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी अतिथियों, अधिकारियों और प्रशिक्षार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सी.एम. श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर कौशल विकास मिशन के राजीव कुमार सिंह, वंदना सिंह, आईटीआई के राजकुमार मौर्य, हरिश्चंद्र, नरेंद्र बहादुर सिंह यादव, कंचन विश्वकर्मा, अंकिता यादव, शोना, वर्तिका, राकेश कुमार, चंद्रकांत, विनोद भास्कर, आशीष कुशवाहा, आकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।















