विकसित भारत की थीम पर छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, निबंध, पेंटिंग व क्विज प्रतियोगिता में लिया उत्साहपूर्वक भाग
संतकबीरनगर। स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत सरदार पटेल इंटर कॉलेज, भदाह में निबंध, पेंटिंग एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और रचनात्मकता के साथ प्रतिभाग करते हुए “विकसित भारत” की परिकल्पना को अपने विचारों और चित्रों के माध्यम से जीवंत किया।
विद्यालय के संरक्षक महेंद्र कुमार चौधरी एवं प्रधानाचार्य विनोद चौरसिया के निर्देशन में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्राओं इरम खातून, रोशनी, प्रिया गुप्ता, खुशनुमा और नेहा ने विकसित भारत की थीम पर आकर्षक और प्रेरणादायक पोस्टर तैयार किए। छात्रों की कल्पनाशीलता और रचनात्मक अभिव्यक्ति की उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने सराहना की।
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल भारत तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। वहीं क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने देश के इतिहास, संविधान, स्वतंत्रता संग्राम और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों राकेश कुमार चौरसिया, रामप्रकाश, अमित कुमार, जितेंद्र, अजय सिंह, ईश्वरचंद्र, बालकृष्ण यादव, रामू चौरसिया, किरण पटेल सहित अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विनोद चौरसिया ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में देशभक्ति, रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को उत्साहपूर्ण माहौल प्रदान किया तथा विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।















