विकसित भारत का सपना किसानों की समृद्धि से होगा साकार : प्रभारी मंत्री राकेश सचान
किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए सरकार निरंतर कर रही प्रयास
रायबरेली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी” के तीसरे दिन सामुदायिक केंद्र रतापुर में कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता तथा सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक प्रखर मिश्र सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों के निरीक्षण से हुई, जहां उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी दौरान तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा तीन गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित कर स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही किसानों को मिनीकिट, प्राकृतिक खेती किट, सोलर पंप योजना के प्रमाण पत्र तथा कृषि यंत्रों की चाबियां भी प्रदान की गईं।
अपने संबोधन में मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, विज्ञान, डिजिटल तकनीक और बुनियादी ढांचे में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की मांग है, क्योंकि यह खेती की लागत कम करने के साथ भूमि की उर्वरता को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हमारे किसान सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध होंगे।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।















