रि-नीट परीक्षा की तैयारियां पूरी, 21 जून को 6 केंद्रों पर 2718 परीक्षार्थी होंगे शामिल

रि-नीट परीक्षा की तैयारियां पूरी, 21 जून को 6 केंद्रों पर 2718 परीक्षार्थी होंगे शामिल

 

रायबरेली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित रि-नीट परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि रि-नीट परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 2718 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए और जहां भी किसी प्रकार की कमी हो, उसे समय रहते दूर किया जाए।

बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, यातायात व्यवस्था, बिजली, पेयजल, स्वच्छता तथा चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। इसके लिए प्रमुख मार्गों, बस स्टॉपों और परीक्षा केंद्रों के आसपास आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से सभी परीक्षा केंद्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में 10 जुलाई 2026 तक नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है, जिसका परीक्षा अवधि में कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleआईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here