गोलघर में सौंदर्यीकरण और नाला निर्माण कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोलघर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं नाला निर्माण कार्यों का रविवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अनावश्यक बैरीकेडिंग हटाने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि सभी निर्माण कार्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने गोलघर क्षेत्र में लगाई गई अनावश्यक बैरीकेडिंग पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क पर जरूरत से अधिक बैरीकेडिंग न की जाए, ताकि आमजन और व्यापारियों को असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के दौरान बाजार की गतिविधियां प्रभावित न हों और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जाए।
दुर्गाबाड़ी में नाला निर्माण और सफाई कार्यों की समीक्षा
महापौर और मंडलायुक्त ने दुर्गाबाड़ी क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण एवं साफ-सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और सावधानी के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि रात के समय निर्माण स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर और उचित बैरीकेडिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
लापरवाही पर संबंधित विभाग होगा जिम्मेदार
मंडलायुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्यों में लापरवाही के कारण कोई हादसा होता है तो संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान दुर्गेश मिश्रा, अमित श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

















