डिप्टी सीएम के दौरे से पहले पुलिस अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था परखी
एसपी संदीप कुमार मीना ने हेलीपैड, सेफ हाउस, चिकित्सालय और कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश
संतकबीरनगर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड, सेफ हाउस, चिकित्सालय, आवागमन के लिए निर्धारित मार्गों और कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
एसपी ने अधिकारियों को वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी समय से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। एसपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर पूरी सतर्कता बरती जाए। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, एडीएम सत्य प्रकाश, सीओ खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दुबे, यातायात प्रभारी परमहंस और एसपी के पीआरओ पीके गुप्ता समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















