सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात सुरक्षा माह शुरू डीआईजी और एसएसपी ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को पहनाए हेलमेट, ओवरस्पीडिंग पर इंटरसेप्टर से होगी निगरानी

सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात सुरक्षा माह शुरू

डीआईजी और एसएसपी ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को पहनाए हेलमेट, ओवरस्पीडिंग पर इंटरसेप्टर से होगी निगरानी

गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और हादसों में होने वाली जनहानि कम करने के उद्देश्य से सोमवार को गोरखपुर में यातायात सुरक्षा माह-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को रोककर हेलमेट पहनाए गए और सुरक्षित सफर के लिए नियमों का पालन करने की अपील की गई।

डीआईजी और एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। थोड़ी सी लापरवाही वाहन चालक के साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है। इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।

अधिकारियों ने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। वाहन चलाते समय संयम और सतर्कता जरूरी है।

ओवरस्पीडिंग पर इंटरसेप्टर से रहेगी नजर

यातायात सुरक्षा माह के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर निगरानी के लिए इंटरसेप्टर वाहन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके माध्यम से निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नजर रखी जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

पूरे माह यातायात पुलिस की ओर से विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं, वाहन चालकों और आम नागरिकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, नशे में ड्राइविंग तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले खतरों की जानकारी दी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात सुरक्षा माह का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना भी है। हालांकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार तथा यातायात पुलिस के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन से यातायात नियमों को अपनी आदत बनाने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

Previous articleवनटांगिया गांव में दीपावली की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक 8 नवंबर को तिनकोनियां नंबर तीन में वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली मनाएंगे मुख्यमंत्री, रास्ते, बिजली और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here