एसपी डॉ. ख्याति गर्ग का गौरीफंटा थाना और कवच आउटपोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण
लखीमपुर खीरी। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने रविवार को थाना गौरीफंटा थाना एवं भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कवच आउटपोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना कार्यालय से मिशन शक्ति केन्द्र तक व्यवस्थाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, बैरक, मेस, कम्प्यूटर कक्ष एवं मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित रजिस्टरों और अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव एवं समय-समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा मामलों का विधिक निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया।
रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने थाने पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों एवं महिला आरक्षियों के रहने और भोजन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक गौरीफंटा को थाना परिसर और भोजनालय की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही नव नियुक्त आरक्षियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभावी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने पर जोर दिया।
नियमित गश्त और अपराध नियंत्रण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को अपराध की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए नियमित गश्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र होने के कारण सतर्कता और निगरानी अत्यंत आवश्यक है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।















