डिप्टी सीएम के दौरे से पहले डीएम ने परखी तैयारियां, संयुक्त जिला अस्पताल का भी किया निरीक्षण हेलीपैड की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई पर विशेष जोर

डिप्टी सीएम के दौरे से पहले डीएम ने परखी तैयारियां, संयुक्त जिला अस्पताल का भी किया निरीक्षण

हेलीपैड की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई पर विशेष जोर

संतकबीरनगर। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी ने हेलीपैड और संयुक्त जिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने और व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले हेलीपैड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी कराने को कहा।

इसके बाद डीएम संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी विंग, आईसीयू सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। मरीजों के भर्ती होने से लेकर डिस्चार्ज तक की प्रक्रिया से संबंधित पंजिकाओं का भौतिक सत्यापन किया और चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की भी पड़ताल की।

डीएम ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर इलाज और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल में सभी जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए न लिखा जाए। अस्पताल परिसर, वार्डों और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उप मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं गुणवत्ता के साथ पूरी कर ली जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमाशंकर सिंह, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, सीओ खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरके पांडेय, जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleडिप्टी सीएम के दौरे से पहले पुलिस अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था परखी एसपी संदीप कुमार मीना ने हेलीपैड, सेफ हाउस, चिकित्सालय और कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here