विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2025-26 के तहत मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन, मतदाता पंजीकरण का शुभारंभ

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2025-26 के तहत मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन, मतदाता पंजीकरण का शुभारंभ

रायबरेली । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) 2025-26 के तहत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—177-बछरावां (अ०जा०), 179-हरचन्दपुर, 180-रायबरेली, 181-सलोन (अ०जा०), 182-सरेनी एवं 183-ऊँचाहार—के सभी मतदेय स्थलों पर मंगलवार को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया गया।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गोरा बाजार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। आईटीआई की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया। जिलाधिकारी ने 5 छात्राओं को फॉर्म-06 प्रदान कर मतदाता पंजीकरण की औपचारिक शुरुआत की।

जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि एसआईआर के तहत जनपद में सभी निर्धारित कार्य समय पर पूर्ण हो चुके हैं। आज सभी विधानसभा क्षेत्रों में ड्राफ्ट मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे तुरंत मतदाता पंजीकरण कराएं। आज का युवा देश का भविष्य है। मतदाता पंजीकरण कराकर अपना मताधिकार सुरक्षित करें और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उप जिलाधिकारी विवेक राजपूत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, तहसीलदार सदर आकृति श्रीवास्तव, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

राजनीतिक दलों के साथ बैठक

इसके बाद जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में एसआईआर के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची तथा लखनऊ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। दलों को इन सूचियों की प्रति उपलब्ध कराई गई।

जिलाधिकारी ने दलों से अपील की कि वे ड्राफ्ट सूची का अवलोकन कर यदि कोई त्रुटि, विलोपन, संशोधन या आपत्ति हो तो निर्धारित समय-सीमा में दावा-आपत्ति दर्ज कराएं। इससे मतदाता सूची अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Previous articleअवैध गांजा तस्करी की 15 किलो खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित
Next articleशहीद दिवस की पूर्व संध्या पर डीएम हर्षिता माथुर ने सई नदी में किया दीपदान, किसान आंदोलन के शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here