अवैध गांजा तस्करी की 15 किलो खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित

अवैध गांजा तस्करी की 15 किलो खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित

संतकबीरनगर (ब्यूरो)। जिले की पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ा प्रहार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार की रात भगता मोड़ के पास से 15 किलो गांजा की खेप बरामद की गई और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त अल्टो कार, 5 मोबाइल फोन तथा 2,070 रुपये नकद भी जब्त हुए। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस लाइन में मंगलवार को घटना का अनावरण अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने किया। एसपी संदीप कुमार मीना ने इस कार्रवाई के लिए टीम को उत्साहित करते हुए 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार की घोषणा की।

एएसपी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, क्रय-विक्रय और वितरण रोकने के विशेष अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय नाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महुली रजनीश राय के नेतृत्व वाली टीम ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान यह सफलता हासिल की।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनोज यादव पुत्र जयराम यादव और शम्भू पुत्र मनोगी, निवासी चकोरा थाना जलालपुर, जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बेरोजगार हैं और परिवार चलाने के लिए लंबे समय से ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर अल्टो कार से अम्बेडकरनगर, संतकबीरनगर सहित आसपास के जिलों में बेचते आए हैं। गिरफ्तारी के समय वे गांजा बेचने के लिए ले जा रहे थे।

मनोज यादव ने बताया कि बरामद अल्टो कार उसके मित्र संजय विश्वकर्मा (निवासी भदौरिया चौराहा, जवाहर नगर, थाना सीसामऊ, जनपद कानपुर नगर) की है। कार काफी दिनों से मित्रता में ली थी, लेकिन संजय को तस्करी के बारे में नहीं बताया था।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष महुली रजनीश राय, उ.नि. अशोक कुमार सिंह, हे.कां. पंकज कुमार यादव, हे.कां. शम्स तबरेज, कां. रितेश यादव, कां. राजमंगल, कां. अंकित पटेल, कां. सुनील सिंह, कॉ. विकास साहनी तथा कां. छोटेलाल कन्नौजिया शामिल रहे।

एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे ताकि युवाओं और समाज को नशे से दूर रखा जा सके। इस कार्रवाई से तस्करों में खौफ पैदा हुआ है और जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

Previous articleबाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत एएसपी संजीव सिन्हा ने दिलाई शपथ, समाज से कुप्रथा रोकने का लिया संकल्प
Next articleविशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2025-26 के तहत मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन, मतदाता पंजीकरण का शुभारंभ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here