वृद्धजनों के विधिक अधिकारों पर जागरूकता शिविर, निःशुल्क सहायता की दी गई जानकारी
रायबरेली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ और जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अमित पाल सिंह के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली के तत्वावधान में 30 अगस्त 2025 को वृद्धजन आवास (वृद्धाश्रम), आईटीआई कैंपस, दूरभाष नगर, रायबरेली में वृद्धजनों के लिए विधिक साक्षरता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में अपर जिला जज/सचिव अनुपम शौर्य ने वृद्धजनों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि वे अपनी संपत्ति, जमीन विवाद या मकान पर अवैध कब्जे जैसे मामलों में निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन किसी भी कार्यदिवस में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वृद्धजनों को उनके स्वास्थ्य और दवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, वृद्धाश्रम के अधीक्षक धनंजय सिंह, लेखाकार हिमांशु सिंह, सेवादार नीलम श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। यह शिविर वृद्धजनों को उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बनाने और सामाजिक-कानूनी सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।















