विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटा निर्वाचन आयोग, एक माह में दूर करें सभी कमियां गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी मंडल के 11 जिलों की समीक्षा, 28-29 नवंबर को विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान 84 लाख युवा मतदाताओं को सूची में जोड़ने पर जोर, सभी मतदान केंद्रों पर होगी 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग मतदाताओं को डराने-धमकाने और प्रलोभन देने वालों पर होगी कार्रवाई, अवैध शराब व नकदी की आवाजाही रोकने के लिए बनेंगे चेकपोस्ट

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटा निर्वाचन आयोग, एक माह में दूर करें सभी कमियां

गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी मंडल के 11 जिलों की समीक्षा, 28-29 नवंबर को विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान

84 लाख युवा मतदाताओं को सूची में जोड़ने पर जोर, सभी मतदान केंद्रों पर होगी 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग

मतदाताओं को डराने-धमकाने और प्रलोभन देने वालों पर होगी कार्रवाई, अवैध शराब व नकदी की आवाजाही रोकने के लिए बनेंगे चेकपोस्ट

गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन आयोग ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को अभी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी मंडल के 11 जिलों के निर्वाचन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदान केंद्रों की सुविधाओं, कानून-व्यवस्था, चुनावी अपराधों, ईवीएम, वेबकास्टिंग और चुनावी खर्च की निगरानी समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीनों मंडलों के सभी 11 जिलों के अधिकारियों ने अब तक की चुनावी तैयारियों का प्रस्तुतिकरण दिया। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि चुनाव की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को कमियां चिह्नित कर अगले एक माह में दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद लखनऊ में फिर समीक्षा बैठक होगी।

84 लाख युवा मतदाताओं को सूची में जोड़ने पर जोर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। खासकर 18 और 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस आयु वर्ग के संभावित मतदाताओं की संख्या करीब 84 लाख है। स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं को जागरूक कर उनका पंजीकरण कराया जाए। इसके लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र युवा और अन्य छूटे हुए मतदाता फार्म-6 भरकर सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और अन्य शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 का भी व्यापक प्रचार कराने के निर्देश दिए गए।

मतदान केंद्रों पर शौचालय, बिजली और पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य

निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। प्रत्येक मतदेय स्थल पर स्वच्छ शौचालय, पेयजल, बिजली और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारियों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कमियों को एक माह के भीतर दूर कराने के निर्देश दिए गए। वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम मतदान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

सभी मतदान केंद्रों पर होगी 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग

चुनाव में पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी मतदेय स्थलों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग कराने की तैयारी की जा रही है। मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर की गतिविधियों पर कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी। इसके लिए कैमरे, इंटरनेट कनेक्टिविटी और अन्य तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता समय से सुनिश्चित करने को कहा गया। मतदान से पहले वेबकास्टिंग व्यवस्था का परीक्षण भी कराया जाएगा, ताकि मतदान के दिन तकनीकी समस्या न आए।

धमकी और प्रलोभन देकर वोट मांगने वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक में चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने और दबाव बनाकर मतदान प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों और ऐसे व्यक्तियों को चिह्नित करने को कहा गया, जिनसे चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो। निर्वाचन संबंधी अपराधों के पुराने मामलों की भी समीक्षा की गई। वर्ष 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान हुई घटनाओं, दर्ज मुकदमों, आरोपपत्र और लंबित मामलों की जानकारी ली गई।

अवैध शराब और नकदी की आवाजाही पर रहेगी नजर

चुनाव के दौरान धनबल और अन्य प्रलोभनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। अवैध शराब, नकदी, हथियार और प्रतिबंधित सामग्री की आवाजाही रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों एवं संवेदनशील मार्गों पर चेकपोस्ट स्थापित करने को कहा गया। पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग को आपसी समन्वय से वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

ईवीएम और प्रशिक्षण की भी होगी तैयारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम को लेकर मतदाताओं की शंकाएं दूर करने के लिए तहसील और जिला मुख्यालयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। इन कार्यक्रमों में मतदाताओं को ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया जाएगा। इसके अलावा पीठासीन अधिकारियों, मतदान कर्मियों, जनरल आब्जर्वर, पुलिस आब्जर्वर और माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती एवं प्रशिक्षण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

एक माह बाद लखनऊ में होगी अगली समीक्षा

वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने अधिकारियों को निर्वाचन तैयारियों को जीरो एरर के लक्ष्य के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की सुविधाएं, सुरक्षा, ईवीएम, वेबकास्टिंग, प्रशिक्षण और निगरानी व्यवस्था से जुड़े सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं। अगले एक माह में सभी कमियां दूर कर ली जाएं, ताकि लखनऊ में प्रस्तावित अगली समीक्षा बैठक में जनपदों की तैयारियों का परीक्षण किया जा सके।

तीन मंडलों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा, उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरू, प्रकाश राजपुरोहित सहित भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

गोरखपुर मंडल से मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी डॉ. एस. चन्नप्पा, गोरखपुर के डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ समेत देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।

वाराणसी मंडल से मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल तथा वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।

बस्ती मंडल से मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, डीआईजी संजीव त्यागी तथा बस्ती के डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना, एसपी ओमवीर सिंह, संतकबीरनगर के डीएम अनुज मलिक, एसपी संदीप मीना और सिद्धार्थनगर के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल एवं एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बैठक में प्रतिभाग किया।

बैठक में सभी अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों की निर्वाचन तैयारियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की शुद्धता से लेकर मतदान की सुरक्षा तक प्रत्येक व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

जानकारी के अनुसार

Previous articleसंविधान के सम्मान और रक्षा का पुलिसकर्मियों ने लिया संकल्प, एसपी और एएसपी ने दिलाई शपथ पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय में आयोजित हुए कार्यक्रम, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का किया आह्वान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here