संविधान के मूल्यों के पालन का संकल्प, डीआईजी संजीव त्यागी ने पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ
‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ थीम पर परिक्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम, मौलिक कर्तव्यों और संवैधानिक आदर्शों के प्रति किया प्रेरित
बस्ती। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी की अध्यक्षता में परिक्षेत्रीय कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल आदर्शों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वयं शपथ पत्र का वाचन किया, जिसे उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोहराया।
इस अवसर पर डीआईजी संजीव त्यागी ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करने के साथ ही राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण और कार्यशैली में आत्मसात करने तथा पूरी निष्ठा से उनका पालन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में संविधान के मूल सिद्धांतों का विशेष महत्व है। कानून के प्रति सम्मान, निष्पक्षता और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















