सनसनीखेज हत्या का खुलासा: शोहरतगढ़ पुलिस ने शिवबालक को आलाकत्ल के साथ धर दबोचा
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन पुस्तकालय में 4 अगस्त 2025 को एक अज्ञात महिला का शव मिलने की घटना का पुलिस ने सनसनीखेज अनावरण किया। शोहरतगढ़ पुलिस और जनपदीय SOG की संयुक्त टीम ने अभियुक्त शिवबालक कुमार को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (सीमेंट का चक्का) बरामद किया।
मृतका की पहचान नींबू कुमारी, पुत्री स्व. रूप नारायण मांझी (हरकटवा, थाना गौनाहा, पश्चिमी चंपारण, बिहार) के रूप में हुई। मृतका के भाई बृजविहारी की तहरीर पर थाना शोहरतगढ़ में मु.अ.सं. 124/2025, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी पवीन प्रकाश के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी और SOG की टीम ने वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक तकनीकों का उपयोग कर अभियुक्त शिवबालक (सिंघासिनी टोला, थाना सहोद्रा, पश्चिमी चंपारण) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा:
शिवबालक ने बताया कि उसका नींबू कुमारी के साथ अवैध संबंध था। उसने नींबू को बिहार से सिद्धार्थनगर लाकर पत्नी के रूप में रखा था। नींबू के गर्भवती होने पर शिवबालक को किसी अन्य से संबंध का शक हुआ। वह गर्भ नष्ट करने का दबाव बना रहा था, लेकिन नींबू ने इनकार कर दिया। इससे नाराज शिवबालक ने पुस्तकालय में सीमेंट के चक्के से हमला कर नींबू की हत्या कर दी और शव को मिट्टी में दबा दिया। इसके बाद वह गोरखपुर होते हुए बिहार भाग गया।
पुलिस की सराहना:
पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक अनुसंधान की सराहना की। यह अनावरण सिद्धार्थनगर पुलिस की सतर्कता और दक्षता का प्रतीक है।