सीएम योगी का जनता दर्शन: गोरखपुर में फरियादियों की सुनी समस्याएं, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर दौरे के तीसरे दिन शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए कड़े निर्देश दिए। इस दौरान जिला मजिस्ट्रेट (डीएम), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का समाधान प्राथमिकता के साथ हो। उन्होंने जमीन कब्जे की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने और सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए सीएम ने कहा, “इलाज के अभाव में किसी की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। शासन के पास बजट की कोई कमी नहीं है। इलाज से संबंधित फाइलें तत्काल शासन को भेजी जाएं।” उन्होंने थाना और तहसील स्तर पर आपसी समन्वय के साथ शिकायतों का निपटारा करने और ऑनलाइन शिकायतों को गंभीरता से लेकर कार्रवाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए सतही निस्तारण से बचें और समस्याओं का स्थायी समाधान निकालें।















