दो घंटे में लापता बच्ची को गोरखनाथ पुलिस ने खोजा
छह वर्षीय बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंपा, मिशन शक्ति के तहत त्वरित कार्रवाई
गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेलते समय लापता हुई छह वर्षीय बच्ची को पुलिस ने दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को शाम चार बजे बच्ची के नाना ने उसके लापता होने की सूचना दी। स्कूल से लौटने के बाद बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक गायब हो गई। परिजनों की तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की और करीब दो घंटे में बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
कार्रवाई में जटेपुर उत्तरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हैदर अली खान, मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक दीपशिखा वर्मा, कांस्टेबल राम हरख चौहान और कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















