मिशन शक्ति: आठवीं की छात्रा विजयलक्ष्मी बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष
महुली थाने में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना
संतकबीरनगर। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महुली थाने में राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा विजयलक्ष्मी को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने का कौशल विकसित करना है।
एक दिन की थानाध्यक्ष बनीं विजयलक्ष्मी ने थाना परिसर का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली समझी। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित पुलिसकर्मियों को नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान छात्रा को महिला सुरक्षा, अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव और हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बेटियों को सशक्त बनाकर उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित करना है















