डीएम आलोक कुमार ने कृषि विज्ञान केंद्र का किया औचक निरीक्षण वैज्ञानिकों के कार्यों की सराहना, हाईटेक नर्सरी और बाजरा प्रक्षेत्र का लिया जायजा

डीएम आलोक कुमार ने कृषि विज्ञान केंद्र का किया औचक निरीक्षण

वैज्ञानिकों के कार्यों की सराहना, हाईटेक नर्सरी और बाजरा प्रक्षेत्र का लिया जायजा

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र, बगही का औचक निरीक्षण कर केंद्र में संचालित योजनाओं, अनुसंधान कार्यों और किसानों के लिए चलाई जा रही गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिकों से विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी ली और आधुनिक कृषि तकनीकों को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी.पी.एन. गौतम ने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए केंद्र की गतिविधियों से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक भवन, प्रक्षेत्र और बाजरा की फसल का निरीक्षण कर उसकी उत्पादन क्षमता एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। डॉ. गौतम ने बताया कि केंद्र किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक खेती के लिए नियमित प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम उपलब्ध करा रहा है।

जिलाधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों से कृषि प्रसार, शस्य विज्ञान, कृषि अभियंत्रण, कृषि वानिकी, पादप प्रजनन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, बीज एवं पौध उत्पादन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में चेन लिंक फेंसिंग के लिए प्रस्ताव तैयार कर बजट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (वेजिटेबल हाईटेक नर्सरी) का निरीक्षण किया। वैज्ञानिक अनुपम शरण पाण्डेय ने उन्हें गोभी, पत्तागोभी, मिर्च, भवरवा मिर्च, करेला सहित अन्य सब्जियों की तैयार की जा रही गुणवत्तायुक्त पौधों की जानकारी दी। बताया गया कि इन पौधों को किसानों को उपलब्ध कराकर उन्नत एवं लाभकारी सब्जी उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, वैज्ञानिक डॉ. देवेश कुमार, डॉ. तरुण कुमार, डॉ. दुर्गेश कुमार मौर्य, डॉ. अभिनव सिंह, डॉ. धर्मेन्द्र कुमार तथा प्रक्षेत्र प्रबंधक डॉ. सतीश कुमार चक्रवर्ती सहित कृषि विज्ञान केंद्र के सभी वैज्ञानिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous article13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले, गोरखपुर को मिला नया मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह बने गोरखपुर के नए कमिश्नर, अनिल ढींगरा को मिली आवास विभाग की जिम्मेदारी
Next articleपुलिस का वफादार साथी ‘वैनमोर’ हमेशा के लिए हुआ विदा एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने शहीद स्मारक पर दी अंतिम श्रद्धांजलि, नम आंखों से पुलिस परिवार ने किया सलाम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here