गणेश पंडालों और विसर्जन मार्ग का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण
राजघाट और कोतवाली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था परखी, भीड़ नियंत्रण व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
गोरखपुर। गणेश उत्सव के मद्देनजर जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शुक्रवार को थाना राजघाट और कोतवाली क्षेत्र में स्थापित गणेश प्रतिमाओं के पंडालों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम और एसएसपी ने पंडालों के आसपास आने-जाने वाले मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। आयोजकों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
इसके बाद अधिकारियों ने प्रतिमा विसर्जन स्थल और निर्धारित विसर्जन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जुलूस के दौरान यातायात संचालन, पुलिस बल की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजकों से लगातार समन्वय बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
डीएम और एसएसपी ने पंडालों तथा विसर्जन स्थल पर लगातार निगरानी और गश्त प्रभावी रखने के निर्देश दिए। साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अजय जैन, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एसपी सिटी निमिष पाटील, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, थानाध्यक्ष राजघाट समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।















