पुलिस का वफादार साथी ‘वैनमोर’ हमेशा के लिए हुआ विदा एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने शहीद स्मारक पर दी अंतिम श्रद्धांजलि, नम आंखों से पुलिस परिवार ने किया सलाम

पुलिस का वफादार साथी ‘वैनमोर’ हमेशा के लिए हुआ विदा

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने शहीद स्मारक पर दी अंतिम श्रद्धांजलि, नम आंखों से पुलिस परिवार ने किया सलाम

गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस के श्वान दस्ते का बहादुर और वफादार साथी ‘वैनमोर’ मंगलवार को हमेशा के लिए विदा हो गया। वर्षों तक पुलिस के साथ सुरक्षा, खोजी अभियान और संवेदनशील ड्यूटी में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले वैनमोर के निधन पर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वैनमोर को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक, डॉग स्क्वाड की टीम सहित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने नम आंखों से अपने इस वफादार साथी को अंतिम सलामी दी।

वैनमोर वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर गोरखपुर पुलिस के श्वान दस्ते में शामिल हुआ था। अपने सेवाकाल में उसने गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा, वीआईपी एवं वीवीआईपी ड्यूटी, संवेदनशील स्थलों की जांच, घटनास्थलों पर साक्ष्य खोजने और कई महत्वपूर्ण मामलों के अनावरण में उल्लेखनीय योगदान दिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वैनमोर केवल एक प्रशिक्षित श्वान नहीं, बल्कि पुलिस परिवार का अभिन्न और भरोसेमंद सदस्य था। उसकी सूंघने की अद्भुत क्षमता, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा ने अनेक अभियानों को सफलता दिलाई। उसके निधन से पूरे पुलिस परिवार में शोक की लहर है।

कर्तव्य, साहस और अटूट वफादारी की मिसाल बने वैनमोर को गोरखपुर पुलिस हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगी।

Previous articleडीएम आलोक कुमार ने कृषि विज्ञान केंद्र का किया औचक निरीक्षण वैज्ञानिकों के कार्यों की सराहना, हाईटेक नर्सरी और बाजरा प्रक्षेत्र का लिया जायजा
Next articleसूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में छात्रसंघ का शपथ ग्रहण, डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने दिलाई नेतृत्व व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात कर आदर्श नेतृत्व का दिया संदेश, निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को किया सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here