लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाएं : डीआईजी मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में संजीव त्यागी ने दिए निर्देश, गैंगस्टर और वांछित आरोपियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी पर जोर

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाएं : डीआईजी

मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में संजीव त्यागी ने दिए निर्देश, गैंगस्टर और वांछित आरोपियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी पर जोर

बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने गुरुवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की। उन्होंने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी ने लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। गैंगस्टर, वांछित, पुरस्कार घोषित, जिला बदर और एनबीडब्ल्यू आरोपियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ संगीन अपराध, महिला अपराध, एससी-एसटी और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया।

उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर एक्शन प्लान के तहत प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराध से जुड़े मोबाइल और आईएमईआई नंबर अधिकाधिक ब्लॉक कराने तथा CEIR, ICJS, NAFIS, NATGRID समेत अन्य डिजिटल पोर्टलों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। आईजीआरएस, मुख्यमंत्री जनता दर्शन और अन्य शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।

डीआईजी ने अपहृताओं और गुमशुदा व्यक्तियों की शत-प्रतिशत बरामदगी, मिशन शक्ति के तहत स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और डायल-112 के रिस्पांस टाइम में और सुधार के निर्देश दिए। विभागीय लंबित प्रकरणों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, पेंशन और मृतक आश्रित सेवायोजन से संबंधित मामलों के शीघ्र निस्तारण को भी कहा।

गोष्ठी में एसपी बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, एसपी सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, एसपी संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना, एएसपी बस्ती मानसी दहिया समेत परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

Previous articleविकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने की विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, पात्रों तक समय से लाभ पहुंचाने के निर्देश
Next articleगणेश पंडालों और विसर्जन मार्ग का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण राजघाट और कोतवाली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था परखी, भीड़ नियंत्रण व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here