बाढ़ प्रभावित किसानों को समय से राहत देने के निर्देश
डीएम ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में की राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा, फसल क्षति की रिपोर्ट दो दिन में मांगी
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक हुई। इसमें बाढ़ और जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जलभराव और बाढ़ प्रभावित ग्राम पंचायतों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित किसानों की फसलों की क्षति का नियमानुसार आकलन कर रिपोर्ट तैयार कराने को कहा। फसल क्षति से संबंधित सर्वे और आकलन की रिपोर्ट दो दिन के भीतर जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसानों को समय से राहत उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने प्रभावित नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी, सफाई और आवश्यकतानुसार कीटनाशक व एंटी लार्वा का छिड़काव कराने को कहा, जिससे जलजनित और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हो सके।
स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविर लगातार संचालित करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों और पशुपालकों को मौके पर आवश्यक दवाएं, उपचार और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विभागीय टीमों को नियमित भ्रमण करने को कहा।
डीएम ने बाढ़ से हुई पशुहानि, आवासीय क्षति और अन्य नुकसान का शीघ्र सत्यापन कर पात्र प्रभावितों को 24 घंटे के भीतर अनुमन्य राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सरकारी और निजी संपत्तियों, सड़कों, भवनों, विद्युत व पेयजल व्यवस्था को हुई क्षति का स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने को कहा, ताकि मरम्मत और पुनर्स्थापना की कार्रवाई समय से हो सके।
बैठक में सीडीओ अंजुलता, एडीएम वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ, आपदा विशेषज्ञ अंकित पाण्डेय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे















