बेदाग, ईमानदार, हंसमुख और मिलनसार सचिव उदय प्रताप सिंह का गर्मजोशी भरा विदाई समारोह

बेदाग, ईमानदार, हंसमुख और मिलनसार सचिव उदय प्रताप सिंह का गर्मजोशी भरा विदाई समारोह”

“गोरखपुर विकास प्राधिकरण के विकास में स्वर्णिम योगदान, श्री सिंह का नाम हमेशा रहेगा याद”  

गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के लोकप्रिय सचिव उदय प्रताप सिंह, जो अपनी ईमानदारी, हंसमुख स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते हैं, को आज 29 मार्च 2025 को एक भव्य विदाई समारोह के साथ सम्मानित किया गया। 31 मार्च 2025 को सेवानिवृत्त होने जा रहे श्री सिंह का विदाई समारोह जीडीए सभागार में उपाध्यक्ष आनंद वर्धन के नेतृत्व में आयोजित हुआ। अधिकारियों और कर्मचारियों ने अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और फूलों की मालाओं से उन्हें लादकर भावभीनी विदाई दी, जो उनके लिए एक अविस्मरणीय क्षण बन गया।  

श्री सिंह ने अपने कार्यकाल में गोरखपुर विकास प्राधिकरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। खोराबार टाउनशिप परियोजना को मूर्त रूप देने में उनकी भूमिका को सभी ने सराहा। काश्तकारों और कर्मचारियों ने कहा कि श्री सिंह के कार्यालय से हर कोई संतुष्ट और मुस्कुराता हुआ बाहर निकलता था। उनकी मृदुल भाषा और मिलनसार स्वभाव ने उन्हें सभी का चहेता बना दिया। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने कहा, “श्री सिंह को एक बार जो समझा दिया जाता था, उसे वे उससे भी बेहतर तरीके से पूरा करते थे। उनकी कमी हमेशा खलेगी।”  

6 सितंबर 2021 को जीडीए सचिव का कार्यभार संभालने के बाद श्री सिंह ने पौने चार वर्षों में तीन उपाध्यक्षों और दो अध्यक्षों के सानिध्य में कार्य करते हुए 3,500 करोड़ रुपये की भूमि किसानों से रजिस्ट्री कराने में अहम भूमिका निभाई। सुल्तानपुर, सिद्धार्थनगर, मऊ, बरेली सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी बेदाग छवि के साथ सेवा देने वाले श्री सिंह ने गोरखपुर में भी विकास की नई इबारत लिखी। खोराबार टाउनशिप के लिए भूमि पूजन से लेकर हर बाधा को दूर करने तक, उनके अनुभव और समर्पण ने इस परियोजना को सफल बनाया।  

विदाई समारोह में जीडीए ओएसडी प्रखर उत्तम, पूर्व ओएसडी केसरी नंदन तिवारी, सीनियर फाइनेंस अफसर संतोष त्रिपाठी, यशवंत सिंह सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने प्रिय सचिव को भावुक विदाई दी। गोरखपुरवासी मानते हैं कि जब भी जीडीए के विकास कार्यों की बात होगी, उदय प्रताप सिंह का नाम स्वर्णिम अक्षरों में लिया जाएगा।

Previous articleसपनों की उड़ान: अनन्या यादव ने विद्या ज्ञान परीक्षा में लहराया परचम।
Next articleजनशिकायतों का त्वरित निस्तारण और राजस्व वादों पर अभियान चलाने का मंडलायुक्त का निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here