जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण और राजस्व वादों पर अभियान चलाने का मंडलायुक्त का निर्देश
“पत्रावलियों को समय से दाखिल दफ्तर करने की हिदायत – मंडलायुक्त अनिल ढींगरा
गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने शनिवार को गोरखपुर कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, राजस्व वादों, सेवा संबंधी कार्यों और अन्य बिंदुओं की गहन समीक्षा की। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व वादों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लंबित मामलों का समाधान हो सके।
पत्रावलियों के दाखिल दफ्तर की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी पत्रावलियों को समयबद्ध तरीके से दाखिल करना सुनिश्चित किया जाए। विभिन्न आयोगों में लंबित प्रार्थना पत्रों पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए। कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि जनशिकायतों का समय से निस्तारण प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पुरुषोत्तम गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वित्त) विनीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) अंजनी कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हिमांशु वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त के निर्देशों से कलेक्ट्रेट में कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने की दिशा में तेजी आने की उम्मीद है।















