छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
तामेश्वरनाथ मंदिर परिसर के पोखरा घाट और बिड़हर घाट का लिया जायजा, गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग के निर्देश
संतकबीरनगर। छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने और व्रतियों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तामेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर स्थित पोखरा घाट और बिड़हर घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
जनपद में 15 और 16 नवंबर को छठ पर्व मनाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पोखरा घाट पर पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की संभावित संख्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिन घाटों पर पानी अधिक है, वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नाव और गोताखोरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ आवश्यक स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित एसडीएम और अधिशासी अधिकारियों को घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।















