सूर्या स्कूल के बाल मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विज्ञान प्रदर्शनी के मॉडल बने आकर्षण
मुख्य अतिथि प्रो. ओपी पांडेय, चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने किया उद्घाटन
संतकबीरनगर। बाल दिवस के अवसर पर सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद में भव्य बाल मेला और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विज्ञान, कला, पर्यावरण और खानपान से जुड़े व्यंजनों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियां देखकर अतिथि मंत्रमुग्ध नजर आए।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर ओपी पांडेय, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अतिथियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
बाल मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न लजीज व्यंजनों के स्टॉल लगाए। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में भविष्य के इंजीनियरों ने अपनी कल्पनाशीलता और तकनीकी समझ का परिचय देते हुए विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी मॉडल प्रस्तुत किए। अतिथियों ने प्रत्येक स्टॉल और मॉडल का अवलोकन किया तथा बच्चों से उनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने बाल मेले में खरीदारी कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी के मॉडल देखने के बाद विद्यार्थियों की सराहना की और उन्हें नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव के साथ अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किए।
पूर्व प्रोफेसर ओपी पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों ने कम समय में अपनी प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया है। इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी रचनात्मक क्षमता दिखाने का अवसर देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यही विद्यार्थी आगे चलकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव, शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, बलराम उपाध्याय, अर्चना त्रिपाठी, आरती चौधरी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।















