एसआर एकेडमी के बाल मेले में लजीज व्यंजनों की धूम, विज्ञान के मॉडलों ने भी खींचा ध्यान
जय चौबे बोले- बच्चों की प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का प्रमाण हैं उनकी प्रस्तुतियां, राकेश चतुर्वेदी ने कहा- ऐसे आयोजनों से निखरती है नैसर्गिक प्रतिभा
संतकबीरनगर। जिले के दक्षिणांचल स्थित एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में शनिवार को बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। बाल मेले और विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने व्यंजनों के स्टॉल और वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेले में देशी-विदेशी पकवानों की खुशबू के बीच लोगों ने जमकर खरीदारी की। बच्चों की ओर से तैयार की गई पेंटिंग और विज्ञान के मॉडल भी आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी और एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शिखा चतुर्वेदी की पेंटिंग सबसे अधिक कीमत पर बिकी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी मौजूद रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती, पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और संस्थापक स्व. पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि जय चौबे ने कहा कि बच्चे समाज और देश का भविष्य हैं। उन्हें बेहतर शिक्षा, संस्कार और स्वस्थ माहौल देने के साथ उनके चेहरे पर मुस्कान बनाए रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। पंडित जवाहरलाल नेहरू की सोच को आगे बढ़ाते हुए एसआर परिवार ने बाल मेले और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन कर बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया है। विज्ञान के अद्भुत मॉडल और व्यंजनों की मनमोहक खुशबू बच्चों की बौद्धिक क्षमता को दर्शाती है।
चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस लगन और निष्ठा से बाल मेले और विज्ञान प्रदर्शनी को तैयार किया है, वह सराहनीय है। बच्चों ने भारतीय और पाश्चात्य व्यंजनों के माध्यम से खानपान की विविधता प्रस्तुत की। वहीं वैज्ञानिक उपकरणों के मॉडल बनाकर अपनी तकनीकी समझ और रचनात्मकता का परिचय दिया। ऐसे आयोजन बच्चों की नैसर्गिक क्षमता को निखारने में सहायक होते हैं।
असिस्टेंट डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों ने ज्ञान, विज्ञान और पकवान के क्षेत्र में उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई है। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर व्यंजनों का स्वाद लिया और प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मेले में चना-भूजा जैसे देशी व्यंजनों से लेकर इडली, डोसा, बर्गर, चाऊमीन, छोला-भटूरा, टिकिया और रसगुल्ले तक के स्टॉल लगाए गए थे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने किया।
इस अवसर पर पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, पंडित रजत चतुर्वेदी, मयाराम पाठक, रत्नेश मिश्र, अजय मिश्र, अभयानंद सिंह, अजय पांडेय, राम ललित कन्नौजिया, महेंद्र चौधरी, एसएन शुक्ला, धर्मेंद्र चौरसिया, प्रीती पांडेय, प्रतिभा श्रीवास्तव, सुनीता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।















