मुख्यमंत्री की दशहरा शोभायात्रा को लेकर अलर्ट प्रशासन
वीवीआईपी सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर मंथन
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दशहरा शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में एडीजी राम कुमार, डीआईजी एस. चन्नप्पा, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया।
बैठक में वीवीआईपी सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुचारु यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा हुई। एटीएस, एलआईयू समेत संबंधित इकाइयों और विभागों को सतर्कता बरतने तथा आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।















