गीडा में चाइनीज मांझा बेचने वाला दुकानदार गिरफ्तार
एकला बाजार की दुकान से चार बंडल बरामद, प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई
गोरखपुर। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गीडा पुलिस ने एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की दुकान से चाइनीज मांझे के चार बंडल बरामद किए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश निषाद पुत्र लवकुश निषाद, निवासी एकला बाजार, थाना गीडा, गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस चेकिंग के दौरान प्रतिबंधित मांझे की बिक्री की जानकारी मिलने पर कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान दुकान से चार बंडल मांझा बरामद होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में थाना गीडा में मुकदमा अपराध संख्या 510/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, 270 और 125 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 5/15 के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया है।
हादसों का कारण बन सकता है चाइनीज मांझा
चाइनीज मांझे की धारदार डोर से दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और पक्षियों को गंभीर चोट पहुंचने का खतरा रहता है। इसे देखते हुए पुलिस प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए अभियान चला रही है।















